वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (UFC) मुकाबलों के साथ अपना 80वां जन्मदिन मनाया। इस भव्य आयोजन पर करीब 6 करोड़ डॉलर यानी लगभग 567 करोड़ रुपए खर्च किए गए। इसे अब तक का सबसे महंगा UFC आयोजन माना जा रहा है।
इस फाइट कार्ड में कुल सात मुकाबले खेले गए। मुख्य मुकाबला पूर्व लाइटवेट चैंपियन इलिया टोपुरिया और अमेरिकी फाइटर जस्टिन गेथजे के बीच हुआ। चार राउंड तक चले रोमांचक मुकाबले में गेथजे ने टोपुरिया को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया।
इस जीत के साथ जस्टिन गेथजे ने लाइटवेट टाइटल बेल्ट अपने नाम कर ली, जबकि इलिया टोपुरिया को अपने पेशेवर करियर की पहली हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले को देखने के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प, उनके कई वरिष्ठ अधिकारी, विशेष अतिथि और हजारों सैन्यकर्मी मौजूद रहे।
वहीं, शुरुआती मुकाबले में बो निकल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही राउंड में काइल डाउकस को नॉकआउट कर दिया। उन्होंने लेफ्ट हुक और राइट पंच के संयोजन से प्रतिद्वंद्वी को गिरा दिया, जिसके बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया।
जीत के तुरंत बाद बो निकल रिंग से बाहर आए और राष्ट्रपति ट्रम्प से मुलाकात की। दोनों ने हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत भी की। इस पल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।









