मुंबई। टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले का सोमवार सुबह निधन हो गया। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय संचिता अपने माता-पिता और बहन के साथ मुंबई के नालासोपारा में रहती थीं। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्होंने साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगाई। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मौत से कुछ घंटे पहले संचिता के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक रील पोस्ट की गई थी, जिसमें वह ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती नजर आ रही थीं। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, ‘मैं नाचूं, तू नचा।’
उनकी अचानक मौत की खबर से फैंस में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। संचिता इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव थीं और उनके करीब 1.39 लाख फॉलोअर्स थे।









