बरेली में डेढ़ साल के बच्चे को बेचने जा रहे 2 आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

पुलिस ने बच्चे को सकुशल छुड़ाया, मां ने गले लगाकर जताया आभार

  • पुलिस एनकाउंटर में दोनों बदमाश गिरफ्तार
  • मुठभेड़ में आरोपियों के पैर में लगी गोली
  • मां ने रोते हुए पुलिस का जताया आभार

बरेली में डेढ़ साल के बच्चे के अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कथित तौर पर बच्चे को बेचने जा रहे थे। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिवार को सौंप दिया।

घटना 24 मई की है, जब बच्चा अपने घर के बाहर से अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में दो लोग बच्चे को ले जाते दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

फुलासी तिराहे पर हुई मुठभेड़

अंशिका वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मंगलवार देर रात सूचना मिली कि अपहरणकर्ता बच्चे को बेचने जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

रात करीब 2 बजे फुलासी तिराहा के पास बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई और बच्चा झाड़ियों में जा गिरा।

घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

दरोगा ने बच्चे को गोद में उठाकर बचाया

मुठभेड़ के दौरान दरोगा सोमपाल मौके पर दौड़कर पहुंचे और बच्चे को झाड़ियों से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले गए। इस दौरान फायरिंग में हेड कांस्टेबल कौमिश कुमार भी घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश कन्नौजिया और पवन सिंह के रूप में हुई है।

मां ने बच्चे को गले लगाकर रोते हुए कहा धन्यवाद

बच्चे को जब पुलिस ने परिवार को सौंपा, तो उसकी मां दौड़कर उसे गले लगाकर फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने हाथ जोड़कर पुलिस टीम का धन्यवाद किया।

इस दौरान अंशिका वर्मा ने भी बच्चे को गोद में लेकर दुलार किया और फिर परिजनों को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button