
लखनऊ के रहमानखेड़ा स्थित केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान में गुरुवार से शुरू हुए दो दिवसीय ‘फ्रूट होराइजन-2026’ कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने किसानों और बागवानी क्षेत्र को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां किसानों को रोगमुक्त और गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
निजी क्षेत्र को भी मिलेगा सहयोग
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए निजी क्षेत्र को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और निर्यात क्षमता को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण पौधों पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि आम और केले के निर्यात में 5 प्रतिशत तथा अंगूर के निर्यात में 15 प्रतिशत तक वृद्धि का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए उत्पादन से लेकर पैकेजिंग और निर्यात तक की पूरी श्रृंखला को मजबूत किया जाएगा।
ट्रैक्टर पर बैठकर देखा आम का बाग
कार्यक्रम के दौरान कृषि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Dinesh Pratap Singh के साथ केंद्रीय मंत्री ट्रैक्टर पर बैठकर आम के बागों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पेड़ों पर लगे आमों को हाथ से छूकर उनकी गुणवत्ता और विशेषताओं की जानकारी बागवानों से ली। इस दौरान किसानों से संवाद भी किया गया।
अधिकारियों को दी किसानों के हित में काम करने की नसीहत
कार्यक्रम में दिनेश प्रताप सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों के हित में पूरी मेहनत से काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अब विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ गई है और किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।









