- लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र में अधिवक्ताओं के बीच गोलीकांड
- दो वकील गंभीर रूप से घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
- छह महीने पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कैसरबाग बस स्टेशन तिराहे पर शनिवार को दो अधिवक्ताओं के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में जमकर फायरिंग हुई, जिसमें दो अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में अधिवक्ता कुंवर अंबिका सिंह और एक अन्य वकील शामिल हैं। मौके पर मौजूद सूत्रों के अनुसार, यह झगड़ा अधिवक्ता साकिब और डब्बू सिंह के बीच लंबे समय से चला आ रहा था, जो शनिवार को गोलीबारी में बदल गया।
फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में KGMU के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर और अदालत परिसर में भारी फोर्स तैनात कर दी है। मौके पर बड़ी संख्या में वकीलों की भीड़ जमा हो गई है। तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जांच जारी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस अधिकारी वजीरगंज थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से घटना की तह तक जाने की कोशिश में जुटे हैं। साथ ही दोनों पक्षों से गहन पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें-पहाड़ों में पर्यटकों की भारी भीड़- मैदानी इलाकों की गर्मी से रिफ्यूज
डीसीपी बेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने दी जानकारी
घटना को लेकर डीसीपी बेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।







