
अंबेडकरनगर में जिलाधिकारी के स्थलीय निरीक्षण के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। श्रवण धाम चिउटीपारा ग्राम सभा में साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर दो सफाईकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से की गई है।
श्रवण धाम निरीक्षण में मिली गंदगी, स्थानीय लोगों ने उठाई शिकायत
जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को जिलाधिकारी ने विकास खंड कटेहरी स्थित ग्राम पंचायत चिउटीपारा के श्रवण धाम स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पौराणिक स्थल पर भारी गंदगी पाई गई।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि सफाईकर्मी नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं करते हैं, जिससे स्थल की स्थिति खराब बनी रहती है।
दो सफाईकर्मी निलंबित, जांच अधिकारी नामित
निरीक्षण में गंदगी मिलने और लापरवाही के आरोप में सफाईकर्मी सर्वेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वह ग्राम पंचायत चिउटीपारा में तैनात थे। मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), भीटी को सौंपी गई है।
इसी तरह दूसरे सफाईकर्मी कृष्ण कुमार को भी निलंबित किया गया है। वह भी इसी ग्राम पंचायत में तैनात थे। इनकी जांच की जिम्मेदारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), अकबरपुर को दी गई है।
निलंबन अवधि में नियमों के तहत मिलेगा भत्ता
निलंबित सफाईकर्मी सर्वेश कुमार सिंह को नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। यह राशि अर्ध वेतन पर देय अवकाश वेतन के बराबर होगी। इसके साथ महंगाई भत्ता भी नियमानुसार दिया जाएगा।
निलंबन अवधि में उन्हें विकास खंड कटेहरी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी।









