गोरखपुर में अंडा विवाद के बाद दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला

  • अंडा खाने के बाद बिल पर हुआ विवाद
  • युवकों ने की दुकानदार से मारपीट
  • दुकानदार ने धारदार हथियार से किया हमला

गोरखपुर। सहजनवा थाना क्षेत्र के बाहिलपार चौराहे पर रविवार रात मामूली पैसे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अंडा खाने के बाद भुगतान को लेकर हुए झगड़े में दुकानदार ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पाली गांव निवासी अभिषेक सिंह उर्फ गोलू (पुत्र श्रीप्रकाश सिंह) अपने दोस्त के साथ बाहिलपार चौराहे पर अंडा खाने गया था। अंडे की दुकान गंगेश (पुत्र जीतन चौहान) की थी। रात करीब 9 बजे के बाद उन्होंने 5 अंडे खाए। जब दुकानदार ने 75 रुपये बिल बताया तो युवक कम पैसे देने की जिद करने लगे। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

दोस्तों को बुलाकर की पिटाई, फिर हुआ हमला

विवाद बढ़ने पर युवकों ने फोन कर अपने गांव से कुछ और लोगों को बुला लिया। आरोप है कि उन्होंने दुकानदार की पिटाई शुरू कर दी। इस पर गुस्साए दुकानदार ने दुकान पर रखा धारदार हथियार उठाकर युवकों पर हमला कर दिया।

हमले में अभिषेक सिंह उर्फ गोलू और अमन सिंह (पुत्र जगदीश सिंह) के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों को खून से लथपथ हालत में सहजनवा सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने कहा – जल्द दर्ज होगा केस

एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया, “घटना पैसे के विवाद से शुरू हुई थी। दुकानदार ने खुद पर हुए हमले के जवाब में धारदार हथियार से हमला किया। दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।”

दुकानदार हिरासत में, इलाके में तनाव

पुलिस ने हमलावर दुकानदार गंगेश को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से हालात नियंत्रण में हैं।

Related Posts

IIT कानपुर में जूनियर टेक्नीशियन का शव फंदे पर मिला

कानपुर। Indian Institute of Technology Kanpur (IIT) में शनिवार को एक जूनियर टेक्नीशियन का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैलेंटाइन डे की सुबह…

Continue reading
वाराणसी में शंकराचार्य का बयान

राजनीतिक प्रमाणपत्र से नियुक्ति से इनकार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का जिक्र सपा और भाजपा दोनों पर साधा निशाना

Continue reading