कानपुर। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में कानपुर के दो युवकों संयम विज और सूरजभान सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों जिंदा जल गए। मंगलवार सुबह जब दोनों के शव कानपुर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
संयम विज (28), गोविंद नगर निवासी थे, जबकि सूरजभान सिंह (25) बर्रा क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों लखनऊ स्थित एक एनीमेशन स्टूडियो में साथ काम करते थे और इसी कारण दोनों के बीच गहरी दोस्ती भी थी। हादसे में दोनों की मौत ने परिवारों को गहरा सदमा दे दिया है।
शव घर पहुंचते ही मां अपने बेटों से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। परिवार के अन्य सदस्य उन्हें किसी तरह संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन माहौल बेहद गमगीन हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सूरजभान सिंह अपने दादी की तेरहवीं में शामिल होने के लिए मंगलवार को घर आने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। तीन साल पहले उनके पिता की भी जलकर मौत हो चुकी थी, जिससे परिवार पहले ही गहरे दुख से गुजर रहा था।









