कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र में नाबालिग गैंगरेप पीड़िता के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को अचानक कानपुर पहुंचे और सचेंडी में गैंगरेप पीड़िता के घर जाकर उसके पिता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित पिता के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद अजय राय ने सरकार और पुलिस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ एक दरोगा ने दुष्कर्म किया और इसके बाद पुलिस ने आरोपी दरोगा को फरार होने का मौका दे दिया। अजय राय ने कहा, “आरोपी पुलिस का आदमी है, वह कहां जाएगा? पुलिस ही उसे बचा रही है। सरकार और प्रशासन पूरी तरह से आरोपी के संरक्षण में लगे हैं।”
अजय राय ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पहुंचने से पहले पुलिस जबरन पीड़िता को घर से उठा ले गई। उन्होंने कहा कि पीड़िता को कोर्ट में बयान दिलाने के बहाने पुलिस अपने साथ ले गई है और उसे कहीं और बिठा रखा गया है। “सरकार क्या छिपाना चाहती है?” यह सवाल उठाते हुए उन्होंने पूरे मामले को संदिग्ध बताया। वहीं पीड़िता के पिता ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे थाने से पुलिस आई और कोर्ट में बयान कराने की बात कहकर बिटिया को ले गई। उसका भाई भी साथ गया, जबकि वह खुद घर पर ही मौजूद हैं।








