- शिक्षकों को ₹1 करोड़ तक दुर्घटना बीमा
- शिक्षामित्र और रसोइए भी योजना में शामिल
- SBI के साथ हुआ एमओयू
- 12 लाख शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। बुधवार को काशी में उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों को अब 1 करोड़ रुपए तक का एक्सीडेंटल बीमा मिलेगा। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ समझौता (MoU) किया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि ऐसी सुविधा देने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है।
योजना के तहत स्थायी शिक्षकों और कर्मचारियों को 10 लाख रुपए का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपए का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, 1 करोड़ रुपए का स्थायी दिव्यांगता बीमा और 1.60 करोड़ रुपए तक का एयर एक्सीडेंट बीमा मिलेगा। वहीं संविदा कर्मचारियों को वेतन के आधार पर 30 लाख से 80 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा और कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को 2 लाख रुपए का बीमा कवर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 12 लाख शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज योजना की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस योजना पर हर साल करीब 450 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिसका पूरा खर्च प्रदेश सरकार वहन करेगी।









