लखनऊ। नगर निगम कॉन्ट्रैक्ट एसोसिएशन ने लंबित भुगतान को लेकर शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से ठेकेदार नगर आयुक्त गौरव कुमार के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ठेकेदारों ने “ठेकेदार एकता जिंदाबाद” और “ठेकेदारों की पेमेंट करो” के नारे लगाए।
एसोसिएशन के महामंत्री मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि 2022-23 सितंबर तक निगम ने करीब 100 ठेकेदारों का भुगतान किया है, जबकि लगभग 300 ठेकेदारों की रकम अब भी अटकी हुई है। दीपावली नजदीक है, ऐसे में बाजार की उधारी और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बकाया पेमेंट तुरंत जारी किया जाए।
मुकेश पांडेय ने कहा कि कई कार्य ऐसे हैं जिनकी पेमेंट 2016 से लंबित है। ऐसे में ठेकेदार आगे काम कैसे करें? उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त और मेयर सुषमा खर्कवाल को कई बार पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
ठेकेदारों का कहना है कि दीपावली से पहले भुगतान करने का वादा किया गया था, लेकिन समय बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण ठेकेदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।








