- महिला की शिकायत पर एफआईआर न दर्ज होने और सुनवाई न होने की बात
- भाजपा नेताओं ने कोतवाली पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की
- महिला का आरोप, विपक्षी पक्ष का रेलवे कनेक्शन पुलिस पर दबाव डाल रहा
अंबेडकर नगर। अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सोनगांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला गरमा गया है। एक दलित महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पक्ष की न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही उसकी सुनवाई हुई।
पीड़ित महिला का कहना है कि उसे भी इस घटना में चोटें आई हैं, लेकिन पुलिस ने मामले में एकतरफा कार्रवाई करते हुए विपक्षी पक्ष की बातों को ही तरजीह दी।
भाजपा नेताओं ने कोतवाली पहुंचकर जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष बेवाना अरविंद सिंह डिंपू, मंडल अध्यक्ष शशि कुड़की और विवेक पांडे अकबरपुर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी से बातचीत कर दलित महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और दलित महिला की बात नहीं सुनी जा रही।
पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच नोकझोंक
कोतवाली परिसर में ही भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। दलित महिला की शिकायत पर सुनवाई न होने को लेकर नेताओं ने नाराजगी जताई और तत्काल निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।








