उर्मिला मेटरनिटी हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के टांडा मार्ग स्थित उर्मिला मेटरनिटी हॉस्पिटल पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों ने उपचार के दौरान 60 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का दावा करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार सैवाल ने मामले में जांच का आश्वासन दिया है।

पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती

मृतका के पुत्र पवन यादव के अनुसार 22 फरवरी 2026 को दोपहर करीब तीन बजे उनकी माता मुराती देवी को पेट दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें उर्मिला मेटरनिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि महिला अपने पैरों से चलकर अस्पताल पहुंची थीं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में डॉक्टर की अनुमति के बिना मेडिकल स्टोर से लगभग 4600 रुपये की दवाएं और इंजेक्शन मंगवाकर मरीज को दिए गए। इसके 40 से 45 मिनट के भीतर इलाज और ऑक्सीजन के नाम पर करीब 25 हजार रुपये जमा कराए गए।

हालत गंभीर बताकर किया रेफर

परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद डॉक्टर ने मरीज की स्थिति गंभीर बताते हुए देर से लाने की बात कही। इसके बाद महिला की मौत हो गई। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को निजी एंबुलेंस से मरीज को जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज ले जाने को कहा।

परिजन जब महिला को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button