वाराणसी। रोहनिया इलाके में तीन दिन से लापता MSC छात्रा की लाश गुरुवार दोपहर प्रेमी के कमरे के बाथरूम से बरामद हुई। छात्रा की मां बेटी को तलाशते हुए प्रेमी के कमरे तक पहुंचीं। गेट खोलते ही उन्हें तेज बदबू आई। बाथरूम में जाकर देखा तो बेटी की सड़ी-गली लाश पड़ी थी।
18 अगस्त को कॉलेज गई थी छात्रा
छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 18 अगस्त को कॉलेज गई थी, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। जांच में मोबाइल की लोकेशन बच्छांव में मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली। पुलिस टीम लोकेशन पर पहुंची, लेकिन वहां कमरे का गेट बंद था और काफी प्रयास के बाद भी नहीं खुला।
मां को ननिहाल से मिली कमरे की चाबी
शुक्रवार सुबह छात्रा की मां उसके प्रेमी के ननिहाल पहुंचीं। वहां से उन्हें संबंधित कमरे की चाबी मिली। इसके बाद वह दोबारा लोकेशन वाली जगह पर पहुंचीं और कमरे का गेट खोला। अंदर बाथरूम से तेज बदबू आने पर उन्होंने देखा तो बेटी की लाश मिली।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव, प्रेमी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा की मौत कैसे हुई और शव कमरे में कितने समय से था, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, घटना के बाद छात्रा का प्रेमी फरार बताया जा रहा है।









