
अंबेडकरनगर के रक्तमित्र सूरज गुप्ता ने वर्ष 2025 के अंतिम सोमवार को वाराणसी में अपना 79वां रक्तदान कर एक और उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई। 29 दिसंबर, सोमवार को बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी के लहरतारा क्षेत्र स्थित होमी भाभा कैंसर रिसर्च सेंटर में उन्होंने एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट) के साथ ब्लड डबल डोनेशन किया। इस रक्तदान के साथ वह जिले और प्रदेश स्तर पर सक्रिय रक्तदाताओं में अपनी निरंतरता बनाए रखने में सफल रहे।
होमी भाभा कैंसर रिसर्च सेंटर में हुआ डबल डोनेशन
लहरतारा स्थित होमी भाभा कैंसर रिसर्च सेंटर में आयोजित रक्तदान प्रक्रिया के दौरान सूरज गुप्ता ने निर्धारित मानकों के तहत एसडीपी और पूर्ण रक्त का डोनेशन किया। चिकित्सा टीम की देखरेख में पूरा रक्तदान सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ। इस डबल डोनेशन को ब्लड बैंक रिकॉर्ड में 79वें रक्तदान के रूप में दर्ज किया गया।
संगठनों से जुड़ाव, सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका
सूरज गुप्ता वर्तमान में संकल्प मानव सेवा संस्था उत्तर प्रदेश में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा वह निफा उत्तर प्रदेश में प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्वाचल ब्लड डोनर एसोसिएशन में मंत्री पद पर भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। साथ ही वह संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक से जुड़ी रक्त संचरण समिति के सदस्य के रूप में भी नामित हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े रहने के कारण उनका रक्तदान और रक्त जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान बना हुआ है।









