कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एलपीजी टैंकर हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि टोल प्लाजा से टकराने के बाद टैंकर फट गया और गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही सेकेंड में गैस 30 से 40 फीट तक फैल गई और पूरे टोल प्लाजा को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा 26 जून की सुबह 6:38 बजे कोखराज थाना क्षेत्र के सिरोही टोल प्लाजा पर हुआ था। गैस रिसते-रिसते टोल प्लाजा पर चल रहे जेनरेटर तक पहुंच गई, जहां साइलेंसर से निकली चिंगारी के संपर्क में आते ही जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद 25 से 30 फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं और पूरा टोल प्लाजा आग की चपेट में आ गया।
इस हादसे में टैंकर चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। चालक की टैंकर के भीतर जिंदा जलने से मौत हुई, जबकि तीन टोलकर्मियों और एक राहगीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल का प्रयागराज में उपचार जारी है।
हादसे के बाद टोल प्लाजा पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम नष्ट हो गए थे। बाद में विशेषज्ञों ने सर्वर से फुटेज रिकवर की। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो एलपीजी टैंकर अलग-अलग लेन से टोल प्लाजा पर पहुंचते हैं। इनमें से एक टैंकर बैरियर की दीवार से टकरा जाता है और तुरंत गैस का रिसाव शुरू हो जाता है, जबकि दूसरा टैंकर सुरक्षित निकल जाता है।









