- बालापैकौली गांव में कूड़े के ढेर, मच्छरों से हाहाकार
- आरसी सेंटर होने के बावजूद नियमित सफाई नहीं
- बरसात में रिसाव से बीमारियों का खतरा बढ़ा
अंबेडकरनगर। विकास खंड भीटी अंतर्गत ग्रामसभा बालापैकौली में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराती नजर आ रही है। ग्राम पंचायत क्षेत्र में आरसी सेंटर होने के बावजूद सड़क किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के विभिन्न हिस्सों में बदबू और गंदगी के कारण मच्छर और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
कचरे की भरमार से रास्ता जाम, मच्छरों का आतंक
स्थानीय ग्रामीणों गिरजेश सिंह, रामधारी सिंह और एसपी सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं हो रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों की लापरवाही से कचरा निस्तारण का कोई स्थायी इंतजाम नहीं है। सड़क किनारे डंप किए जा रहे कचरे से राहगीरों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। वहीं आवारा पशुओं का जमावड़ा भी इन कचरा स्थलों पर देखने को मिल रहा है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है।
संचारी रोगों का बढ़ा खतरा, बारिश में और बिगड़ सकते हैं हालात
गांव में बरसात का मौसम शुरू होते ही कचरे से निकलने वाला रिसाव और गंदा पानी नालियों में फैलकर घरों के पास पहुंचने लगा है। इससे मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि अगर समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संक्रमण की चपेट में पूरा गांव आ सकता है।








