बर्रा एलिवेटेड रोड पर कंटेनर ने ट्रैफिक सिपाहियों को कुचला

एक की मौत, एक घायल

कानपुर। शहर में सोमवार तड़के बर्रा एलिवेटेड रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाहियों को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचल दिया, जिसमें एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और राकेश कुमार की ड्यूटी नौबस्ता चौराहे पर लगी थी। देर रात झारखंड नंबर का एक खाली ट्रक नौबस्ता रैंप से होकर पनकी स्थित प्लांट की ओर जा रहा था। संदेह होने पर दोनों सिपाहियों ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।

इसके बाद दोनों सिपाहियों ने ट्रक का पीछा किया और बर्रा बाईपास स्थित प्रिया नर्सिंग हॉस्पिटल के पास एलिवेटेड फ्लाईओवर पर वाहन को रोक लिया। वहां ट्रक चालक को नीचे उतारकर उससे पूछताछ की जा रही थी और कागजात की जांच चल रही थी।

इसी दौरान पीछे से आ रहे मालवाहक कंटेनर ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया, और इस दौरान सिपाही व चालक भी चपेट में आ गए।

हादसे में सिपाही जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सिपाही राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतक जितेंद्र कुमार 2018 बैच के सिपाही थे और मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे। घायल राकेश कुमार बुलंदशहर के निवासी हैं। वहीं ट्रक चालक की पहचान बिहार निवासी रितेश कुमार यादव (24) के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button