यूपी में नौतपा के बीच बदला मौसम

बारिश-आंधी से तापमान में 10 डिग्री की गिरावट, 31 लोगों की मौत

  • बांदा का तापमान 47.5°C से घटकर 37°C पहुंचा
  • आंधी, बारिश और बिजली गिरने से 31 लोगों की मौत
  • मुख्यमंत्री योगी ने राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, तूफान और बारिश का दौर जारी है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन घंटों में लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि 2 जून तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है।

भीषण गर्मी से जूझ रहे बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है। 28 मई को बांदा का अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो अब घटकर करीब 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है।

गुरुवार देर रात और शुक्रवार को हुई तेज बारिश और आंधी ने कई जिलों में नुकसान भी पहुंचाया। लखनऊ, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ गए, टिनशेड उड़ गए और कच्चे मकानों को क्षति पहुंची। चित्रकूट में तेज आंधी और खराब मौसम के कारण लगभग 500 तोतों की मौत होने की सूचना सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button