
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम की उलटफेर का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को एक बार फिर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छा गया। सुबह लखनऊ, कानपुर, झांसी समेत 21 जिलों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, कई जगह यह शून्य तक पहुंच गई।
प्रयागराज में बुधवार सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी जारी है। वहीं कानपुर-आगरा और लखनऊ में कोहरा बारिश की तरह गिरता नजर आया, जिससे सड़कें गीली हो गईं। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सर्दी का ज्यादा अहसास हो रहा है।
धूप नदारद, बादलों का डेरा
प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और धूप नहीं निकल रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
पिछले 24 घंटों में बुलंदशहर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान
इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के 10 जिलों में झमाझम बारिश हुई थी। उन्नाव, चित्रकूट, हरदोई और इटावा में ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई जगह सड़कों पर बर्फ जैसी सफेद चादर नजर आई।









