
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और सर्द हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। सोमवार सुबह लखनऊ और कानपुर समेत कई जिलों में ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने 18 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।
48 घंटों में 43 जिलों में बारिश
पिछले 48 घंटों के दौरान वाराणसी और कानपुर समेत 43 जिलों में बारिश दर्ज की गई। मथुरा, संभल, जालौन और कानपुर सहित 10 शहरों में ओले गिरे। इटावा में 24 घंटे में सबसे ज्यादा 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
आंधी-बिजली से 15 लोगों की मौत
प्रदेश में पिछले तीन दिनों के दौरान आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 15 लोगों की जान चली गई है, जिससे हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
तापमान में 4 डिग्री की गिरावट
बारिश के चलते प्रदेश का औसत तापमान करीब 4 डिग्री तक गिर गया है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री से घटकर 38 डिग्री तक पहुंच गया। बहराइच रविवार को 38.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा।
9 अप्रैल तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से 9 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में बारिश और ओले गिरने की संभावना बनी हुई है।









