लखनऊ। लखनऊ के चौक स्थित नक्खास इलाके के एक परिवार की कश्मीर यात्रा से लौटते समय सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार के आठ सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अमरोहा और संभल जिले की सीमा के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, चमड़ा कारोबारी अबूबकर (40) अपने परिवार के साथ बच्चों की गर्मी की छुट्टियों में जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे सैद नगली थाना क्षेत्र में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में अबूबकर, उनके छोटे भाई की पत्नी हिना (28) और भांजी जुनैरा (15) की मौत हो गई। वहीं, कुलसुम, मोहम्मद उमर, सिदरा, हनिया, मोहम्मद, अफ्फान, अफीफा और हामना घायल हो गए। घायलों को पहले संभल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मुरादाबाद रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो अचानक लहराई और डिवाइडर से टकरा गई। पीछे चल रही कार में मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर के दौरान दो बच्चे वाहन से नीचे गिर गए थे। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है।
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में चालक के सो जाने की संभावना सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही लखनऊ स्थित परिवार के घर में मातम छा गया। परिजन और पड़ोसी देर रात तक घर पर जुटे रहे। गुरुवार सुबह परिवार के सदस्य संभल और मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।









