शिमला। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार सुबह से धूप खिली हुई है, लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम के बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आज से 26 जून तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने बताया कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में अगले छह दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, पेड़ गिरने और सड़कों के बाधित होने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश में मौसम खराब रहा। लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि कई अन्य इलाकों में बारिश हुई। बारिश और बादलों के कारण पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।









