- भीटी स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण के दौरान सामने आई प्रमुख खामियां
- जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अस्पताल में स्टाफ की उपस्थिति पर जताई नाराजगी
- चिकित्सकों की गैरहाजिरी पर कड़ी कार्रवाई के आदेश
अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भीटी का अचानक निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियों का पता चलने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. रवि राजभर और फार्मासिस्ट मोतीलाल को मेडिकोलीगल कार्य करते पाया गया। वहीं अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार मिश्र की अनुपस्थिति पर बताया गया कि वे जनपद मुख्यालय पर हैं। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच करते हुए डॉ. सीपी भारती के तीन दिन से बिना सूचना अस्पताल न आने और कभी-कभार आने की जानकारी पाई। इस पर जिलाधिकारी ने डॉ. भारती का वेतन बाधित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रात्रि ड्यूटी में डॉ. पुष्पेन्द्र चैहान और एमसीएच विंग में डॉ. शालिनी पांडेय की उपस्थिति को संतोषजनक माना गया। अधीक्षक ने बताया कि पूर्व में तैनात डॉ. ओम विकास मिश्र, जो अब सीएचसी जलालपुर में कार्यरत हैं, आठ माह से सरकारी आवास खाली नहीं कर रहे हैं, जिससे वर्तमान अधीक्षक को आवास की समस्या हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने डॉ. मिश्र का वेतन रोकने और आवास खाली न करने तक कोई भुगतान न करने के आदेश दिए।
औषधि कक्ष, चिकित्सक ओपीडी, आकस्मिक सेवा कक्ष एवं मैटरनिटी विंग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने औषधि वितरण रजिस्टर की जांच की और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी पंजीकरण रजिस्टर में मरीजों के मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा।








