- वानखेड़े स्टेडियम में रोहित शर्मा के सम्मान में खास बदलाव
- दिवेचा पवेलियन का नया नाम, रोहित शर्मा स्टैंड
- रोहित शर्मा ने खेल के दिग्गजों के बीच पाया अनोखा सम्मान
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे कप्तान रोहित शर्मा को वानखेड़े स्टेडियम में एक स्टैंड के नाम से सम्मानित किया गया है। स्टेडियम के लेवल-3 स्टैंड, जिसे पहले दिवेचा पवेलियन के नाम से जाना जाता था, का नाम अब “रोहित शर्मा स्टैंड” रखा गया है। शुक्रवार को रोहित के माता-पिता, गुरुनाथ शर्मा और पूर्णिमा शर्मा ने इस स्टैंड का उद्घाटन किया।
“मैंने सपने में भी नहीं सोचा था” – रोहित
इस मौके पर रोहित शर्मा ने कहा, “यह जो हो रहा है, मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। बचपन में मैं सिर्फ मुंबई और भारत के लिए खेलना चाहता था। महान खिलाड़ियों के बीच अपना नाम देखना एक अविश्वसनीय एहसास है, जिसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यह और भी खास है क्योंकि मैं अभी भी खेल रहा हूं।”
रोहित ने आगे कहा कि “21 मई को आईपीएल में दिल्ली के खिलाफ यहां खेलते हुए यह एक यादगार पल होगा। भविष्य में जब भी मैं भारत के लिए यहां खेलूंगा, तो यह सम्मान और भी खास हो जाएगा।” उन्होंने अपने परिवार, पत्नी और मुंबई इंडियंस टीम का भी आभार जताया।
सचिन-गावस्कर जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हुए रोहित
रोहित शर्मा अब सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर जैसे क्रिकेट लीजेंड्स की सूची में शामिल हो गए हैं, जिनके नाम पहले से वानखेड़े स्टेडियम के स्टैंड्स पर अंकित हैं। रोहित ने भारत को हाल ही में 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जिताकर दो आईसीसी टूर्नामेंट्स में विजय दिलाई।
स्टेडियम के अन्य स्टैंड्स के नाम भी बदले
-
ग्रैंड स्टैंड (लेवल-3) का नाम अब “शरद पवार स्टैंड” रखा गया है।
-
लेवल-4 स्टैंड को “अजीत वाडेकर स्टैंड” नाम दिया गया है।
-
स्टेडियम के ऑफिस का नाम पूर्व अध्यक्ष अमोल काले के नाम पर रखा गया है।
रोहित शर्मा ने हाल ही में टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन वह अभी भी वनडे फॉर्मेट में भारत की कप्तानी कर रहे हैं।








