
- AI तकनीक के साथ itel का लक्ष्य हर भारतीय तक पहुंच बनाना
- A95 5G: कम कीमत में प्रीमियम फीचर्स देने वाला स्मार्टफोन
- टियर-3 और ग्रामीण भारत को टारगेट कर रहा है itel
नई दिल्ली। भारत के बजट फोन सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली मोबाइल निर्माता कंपनी itel अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस स्मार्ट डिवाइसेज़ और इकोसिस्टम ब्रांड पर फोकस कर रही है। कंपनी के CEO अरिजीत तलपात्रा ने एक एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि itel अब सिर्फ बजट फोन तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि वह एक “मास कंज्यूमर ब्रांड” बनकर हर भारतीय तक पहुंच बनाना चाहता है।
AI से बेहतर बनेगा यूज़र एक्सपीरियंस
तलपात्रा के मुताबिक, आज की तारीख में AI का इस्तेमाल सिर्फ एक फीचर नहीं, बल्कि एक आदत है जिसे अपनाने की जरूरत है। कंपनी अपने स्मार्टफोन्स में AI का इस्तेमाल बैटरी कंजप्शन कम करने, कैमरा क्वालिटी सुधारने और टेक्स्ट जनरेशन जैसे कार्यों में कर रही है। इसके साथ ही ऑन-कॉल वॉयस ट्रांसलेशन और AI क्लाउड फीचर्स पर भी काम चल रहा है, जिससे कम मेमोरी में ज्यादा काम हो सके।
मिड-रेंज और फ्लैगशिप फोन को लेकर क्या है योजना?
itel भारत में अभी भी 2G फीचर फोन सेगमेंट में 32% मार्केट शेयर के साथ टॉप पर है। CEO का कहना है कि कंपनी 2G, 4G और अब 5G कंज्यूमर बेस के लिए भी प्रोडक्ट्स डेवलप कर रही है। टियर-3 और ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस करते हुए कंपनी का मकसद है कि किफायती कीमत में तकनीकी रूप से बेहतर फोन उपलब्ध कराए जाएं।
प्रॉफिट से ज्यादा कंज्यूमर की परवाह
itel की रणनीति ‘पेनेट्रेशन पॉलिसी’ पर आधारित है, जिसमें ज्यादा यूनिट्स बेचने पर यूनिट मार्जिन कम होता है, लेकिन ब्रांड की पहुंच व्यापक हो जाती है। तलपात्रा के अनुसार, “अगर हम कंज्यूमर का ख्याल रखेंगे तो वह हमारा प्रोडक्ट जरूर खरीदेगा।”
आफ्टर सेल सर्विस बनी कंपनी की ताकत
itel के पास 1,300 से ज्यादा सर्विस सेंटर्स हैं और कंपनी का दावा है कि अधिकतर मामलों में हैंड-टू-हैंड रिपेयर सर्विस दी जाती है। हाल ही में लॉन्च हुए A95 5G के लिए वन-टाइम स्क्रीन रिप्लेसमेंट जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
फीचर फोन मार्केट में क्यों है itel लीडर?
itel के किंग सिग्नल और किंग वॉइस जैसे फोन ग्रामीण भारत में लोकप्रिय हैं। नेटवर्क की मजबूती और भरोसेमंद सर्विस ने कंपनी को फीचर फोन मार्केट में लीडर बना दिया है। कंपनी 700 से 2000 रुपए की कीमत वाले फोन से उन कस्टमर्स तक पहुंच बना रही है, जिनके लिए स्मार्टफोन अभी भी एक महंगी जरूरत है।
स्मार्ट गैजेट्स और होम प्रोडक्ट्स सेगमेंट में भी एंट्री
itel केवल मोबाइल तक सीमित नहीं है। कंपनी अब स्मार्टवॉच, ऑडियो डिवाइसेज़, पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स और TV के साथ-साथ कार और कंप्यूटर एक्सेसरीज में भी एंट्री कर रही है। सर्विस नेटवर्क और किफायती दाम itel को इस सेगमेंट में भी खास बना सकते हैं।
A95 5G: किफायती रेंज में प्रीमियम अनुभव
itel का नया A95 5G स्मार्टफोन 10,000 रुपए से कम की कीमत में IP-54 डस्ट और वॉटर रेसिस्टेंस, AI फीचर्स, और मजबूत डिजाइन के साथ आता है। कंपनी का फोकस युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के यूज़र्स को ध्यान में रखकर ऐसे डिवाइस तैयार करना है, जो भविष्य के लिए तैयार हों।
11 करोड़ कस्टमर्स का भरोसा
itel की यात्रा फीचर फोन से शुरू होकर अब AI एनेबल्ड 5G स्मार्टफोन तक पहुंच गई है। CEO का दावा है कि कंपनी के साथ अब तक 11 करोड़ से ज्यादा भारतीय कस्टमर्स जुड़ चुके हैं, और यही भरोसा इसे लगातार आगे बढ़ा रहा है।








