
- होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहा था युवक
- निगोहां के भगवानपुर के पास बाइक डिवाइडर से टकराई
- मौके पर मौत, चचेरा भाई घायल
- बहन की विदाई के दिन घर पहुंची मौत की खब
लखनऊ: Nigohan थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे घर को मातम में बदल दिया। होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे एक युवक की बाइक हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान Barabanki जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गौरा करौंदी गांव निवासी अनुभव सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
रविवार सुबह अनुभव अपने चचेरे भाई कुलदीप सिंह के साथ बाइक से रायबरेली परीक्षा देने जा रहा था। जब वे निगोहां के भगवानपुर गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुभव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी सीएचसी में भर्ती कराया।
पोस्टमॉर्टम से परिजनों का इनकार
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शनिवार को ही अनुभव की बहन आकांक्षा की शादी हुई थी और रविवार को उसकी विदाई होनी थी। लेकिन विदाई के समय ही भाई की मौत की खबर घर पहुंची, जिससे पूरा माहौल शोक में बदल गया।
अनुभव के परिवार में पिता राजेश, मां शीला और दो बहनें आकांक्षा और प्रिया हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।









