- BJP नेताओं पर ‘भू-माफिया’ बनने का आरोप
- प्रशासनिक अधिकारियों के रुख पर भी की टिप्पणी
- बंगाल चुनाव का जिक्र कर साधा राजनीतिक निशाना
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, संविधान और आगामी चुनावों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।
अखिलेश यादव ने हाथरस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शासन में न्याय की उम्मीद करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा और विपक्षी दलों के नेताओं के साथ भी अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार “अलोकतांत्रिक हाथों” में है, जहां आम लोगों की सुनवाई नहीं हो रही।
भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी के कुछ नेता ‘भू-माफिया’ की तरह काम कर रहे हैं। उनका दावा है कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर कीमती जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाना जरूरी हो गया है।
अधिकारियों को लेकर भी उन्होंने बड़ा बयान दिया। अखिलेश ने कहा कि अब प्रशासनिक अधिकारी भी ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात करने लगे हैं और बदलते राजनीतिक माहौल को समझते हुए अपनी कार्यशैली में बदलाव ला रहे हैं।
पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वहां चुनाव के दौरान भारी संख्या में केंद्रीय बल तैनात किए जा रहे हैं और इसी तरह उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में फोर्स लगाने की तैयारी हो सकती है।









