
- सुबह 10 बजे से ही लू के थपेड़े शुरू
- दोपहर तक तापमान 42°C के पार
- मौसम विभाग ने जताया रिकॉर्ड टूटने का अनुमान
- 27 अप्रैल तक लू का असर जारी
लखनऊ: Lucknow में रविवार को भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया। सुबह 10 बजे से ही तेज गर्म हवाएं चलने लगीं और दोपहर 12 बजे तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार आज का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जो शनिवार के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकता है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सड़कों पर निकलने वाले लोग गमछा और कपड़ों से खुद को ढककर चल रहे हैं, वहीं कई जगह लोग छांव में बैठकर राहत लेने की कोशिश करते नजर आए। मोहल्लों में बर्फ के गोले और ठंडे पेय पदार्थ बेचने वाले भी सक्रिय हो गए हैं।
शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा रहा। आर्द्रता का स्तर भी काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा, जिसमें अधिकतम 56 फीसदी और न्यूनतम 15 फीसदी दर्ज किया गया।
27 अप्रैल तक लू का असर जारी
मौसम विभाग का कहना है कि 27 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू का प्रभाव बना रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में गर्म रातें भी लोगों को परेशान कर सकती हैं।
28 अप्रैल से राहत के आसार
मौसम में बदलाव की संभावना 27 अप्रैल के बाद से जताई गई है। Western Disturbance के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू हो सकती है, जो धीरे-धीरे पूर्वी हिस्सों तक पहुंचेगी।
मई की शुरुआत में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और 28 अप्रैल से लू से राहत मिलने के संकेत हैं।









