
- Agra के DPS शास्त्रीपुरम में छात्र से मारपीट
- सहपाठी के पंच से 3 दांत टूटे, जबड़े में चोट
- मुंह से बहा खून, स्कूल पर लापरवाही का आरोप
- पिता ने वीडियो शेयर कर लगाई न्याय की गुहार
आगरा। Agra के Delhi Public School Shastripuram (डीपीएस शास्त्रीपुरम) में 10वीं के छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। एक सहपाठी ने छात्र के मुंह पर जोरदार पंच मार दिया, जिससे उसके तीन दांत टूट गए और मुंह से खून बहने लगा।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। छात्र के पिता पीयूष मल्होत्रा ने बताया कि स्कूल से फोन कर सिर्फ इतना कहा गया कि बच्चे को हल्की चोट लगी है और उसे ले जाएं। जब वे स्कूल पहुंचे तो बेटे की हालत देखकर हैरान रह गए—मुंह से लगातार खून निकल रहा था और मुंह में रूई ठूंसी गई थी, लेकिन उसे कोई प्राथमिक उपचार नहीं दिया गया था।
पीड़ित के पिता, जो सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं, ने बेटे का वीडियो शेयर करते हुए प्रशासन और लोगों से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया और समय पर उचित इलाज नहीं कराया।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र ने क्लास के अंदर ही अचानक पंच मार दिया, जिससे पीड़ित के दांत टूट गए और जबड़े में भी चोट आई है। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है और परिजन मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।









