- भूसे की कमी से न हो बाधित गोवंश संरक्षण अभियान
- हर गोशाला में नियमित निगरानी की व्यवस्था
- प्रशासन ने गो संरक्षण के लिए आमजन से मांगा सहयोग
अम्बेडकरनगर। राज्य सरकार की प्राथमिकता योजना के तहत जनपद अम्बेडकरनगर की 37 गोशालाओं में 5038 निराश्रित गोवंशों को संरक्षित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा इन गोशालाओं में चारा, भूसा, पानी और चिकित्सा सुविधाएँ नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के नेतृत्व में गोवंश संरक्षण योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। गोशालाओं की दैनिक आवश्यकताओं का आकलन कर चारा, भूसा और पशु आहार की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। साथ ही, प्रत्येक गोशाला का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है ताकि गोवंशों की देखभाल में कोई कमी न रहे।
‘गो संरक्षण एवं संवर्धन कोष’ की स्थापना
जिला प्रशासन ने गोवंशों की बेहतर देखभाल के लिए एक विशेष कोष की स्थापना की है। इच्छुक लोग पंजाब नेशनल बैंक, विकास भवन शाखा के खाता संख्या 6257000100042049 (IFSC: PUNB0625700) में ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से दान कर सकते हैं। इस कोष से प्राप्त राशि का उपयोग केवल गोवंशों के भरण-पोषण और चिकित्सा पर किया जाएगा।
निरीक्षण और पारदर्शिता पर जोर
पशुपालन विभाग और उपजिलाधिकारियों की टीमें समय-समय पर गोशालाओं का भौतिक सत्यापन कर रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी निराश्रित गोवंश भूखा या बिना चिकित्सा सुविधा के न रहे। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।








