बुलंदशहर में फिर अखिलेश पर बरसे सीएम योगी

  • 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना
  • ‘बबुआ’ वाले बयान की दोहराई
  • विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

बुलंदशहर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले की सरकारों के पास न विजन था, न संवेदना और न ही जनता के लिए काम करने की इच्छा। उनके अनुसार, पिछली सरकारों की नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य बन गया था।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले “बबुआ” दोपहर 12 बजे तक सोकर उठते थे, फिर तैयार होकर शाम तक व्यस्त हो जाते थे। उन्होंने कहा कि उस समय जनता, किसान, महिलाओं, व्यापारियों और गरीबों के लिए सोचने का समय नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के लिए पहले भी कुछ नहीं किया गया और अब भी कुछ करने की स्थिति नहीं बची है।

योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में 574.56 करोड़ रुपये की 20 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 24 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 से 2017 के बीच प्रदेश में 29 चीनी मिलें बंद हो गई थीं और औद्योगिक विकास ठप पड़ गया था। वहीं वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की है, जिसमें बिना भेदभाव के युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और व्यापारी भय के माहौल में काम करते थे। अब प्रदेश में कानून का राज है और अपराधियों व माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button