गोरखपुर। गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मां के ब्रह्मभोज के दौरान पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बड़े भाई ने कथित रूप से अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है।
मंगलवार को परिवार में दिवंगत मां के ब्रह्मभोज की तैयारियां चल रही थीं। घर में रिश्तेदार और पटीदार जुटे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने गुस्से में तमंचा निकालकर छोटे भाई शुभम के सीने में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शुभम को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। शुभम की मंगेतर का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार शुभम का अंतिम बार चेहरा देखने की जिद करती रही, जबकि परिजन उसे संभालने का प्रयास करते रहे। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।









