- अकबरपुर निवासी युवक झूले से गिरकर घायल
- युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो व फोटो डाली
- प्रदर्शनी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी
अंबेडकरनगर। जनपद मुख्यालय स्थित पुरानी कचहरी के पीछे मैदान में चल रही प्रदर्शनी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था के लगाए गए झूले से गिरकर एक युवक घायल हो गया। घटना बीती रात की है।
झूले से गिरकर घायल हुआ युवक
जानकारी के अनुसार, घायल युवक अकबरपुर का रहने वाला है और अपने ननिहाल आया हुआ था। बीती रात वह प्रदर्शनी घूमने गया, जहां झूले पर सवार होने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरकर घायल हो गया। घायल युवक ने घटना का वीडियो और तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की हैं।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदर्शनी में लगे झूलों और अन्य राइड्स में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। संचालकों द्वारा न तो मशीनों की तकनीकी जांच कराई जाती है और न ही पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन प्रदर्शनी लगाने की अनुमति तो दे देता है, लेकिन आयोजन के दौरान सुरक्षा इंतज़ामों की सही निगरानी नहीं की जाती। इस कारण ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
पुलिस का पक्ष
कस्बा इंचार्ज नेहा सिद्धार्थ ने बताया कि घटना की जानकारी है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








