- 27 जून को आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर भाजपा का विशेष आयोजन
- झांसी में पहली बार मॉक पार्लियामेंट का आयोजन, युवाओं को मिलेगा बोलने का मंच
- कार्यक्रम में राजनीति से बाहर के युवाओं को किया जाएगा शामिल
झांसी। झांसी में युवाओं के लिए एक अनूठा आयोजन होने जा रहा है। 27 जून को देश में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर भाजपा की युवा इकाई द्वारा मॉक पार्लियामेंट (छाया संसद) का आयोजन किया जाएगा। इस संसद का उद्देश्य युवाओं को आपातकाल के दौरान देश में हुई लोकतांत्रिक और संवैधानिक हनन की घटनाओं से अवगत कराना है।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिववीर भदौरिया ने बताया कि इस आयोजन में बुंदेलखंड के सातों जिलों से आए युवाओं को शामिल किया जाएगा। संसद में भाग लेने के लिए राजनीति से बाहर के युवाओं का चयन किया गया है, जिन्हें उनकी रुचि के अनुसार पक्ष और विपक्ष की भूमिका सौंपी जाएगी।
भाजपा का मकसद कांग्रेस पर हमला
शिववीर भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस आपातकाल के दौरान लोकतंत्र का गला घोंट चुकी है और अब वही विपक्ष संविधान की दुहाई देता है। यह संसद युवाओं को बताएगी कि कैसे जनसंघ और आरएसएस ने आपातकाल के विरोध में अहम भूमिका निभाई थी।
इस संसद में पूर्व केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा स्पीकर होंगे और पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा डिप्टी स्पीकर की भूमिका निभाएंगे।
27 जून को पूरे दिन चलेगा सत्र
यह संसद 27 जून को झांसी में दिनभर चलेगी। सभी प्रतिभागियों को बराबर का अवसर मिलेगा और लोकतंत्र की मूल भावनाओं से परिचित कराया जाएगा। आयोजन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
भाजपा इसे एक राजनीतिक और वैचारिक प्रशिक्षण के रूप में देख रही है, ताकि आने वाली पीढ़ी आपातकाल की सच्चाई से परिचित हो सके।







