
Meerut में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने एक दरोगा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दरोगा छत्रपाल पल्लवपुरम थाने में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, दरोगा ने एक व्यक्ति से मुकदमा सुलझाने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और शनिवार को थाने की तीसरी मंजिल पर ही दरोगा को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि दरोगा ने मेडिकल थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को गांजा रखने के मामले में आरोपी बनाया था। इसी मामले को खत्म करने के लिए उसने रिश्वत की मांग की थी।
जैसे ही पीड़ित ने दरोगा को रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे कंकरखेड़ा थाने ले जाया गया और फिर चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









