- मुंबई पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
- पाली हिल स्थित घर के बाहर निगरानी
- पुलिस ने धमकी की सत्यता की पुष्टि नहीं की
- आमिर खान फिलहाल देश से बाहर
मुंबई। अभिनेता आमिर खान को कथित तौर पर मिली जान से मारने की धमकी के मामले में मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित पोस्ट और वॉयस क्लिप सामने आने के बाद बांद्रा पश्चिम स्थित पाली हिल में उनके आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल वायरल वॉयस क्लिप और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है। मुंबई पुलिस कमिश्नर देवन भारती ने कहा कि दोनों की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
रिपोर्टों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक कथित लेटर और ऑडियो संदेश वायरल हुआ, जिसमें आमिर खान को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि यह संदेश वास्तव में किसी गैंग की ओर से जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि आमिर खान फिलहाल देश से बाहर हैं। पुलिस एहतियात के तौर पर उनके आवास की सुरक्षा बढ़ाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।









