गुजरात के कच्छ से 118 किलो कोकीन जब्त

ब्राजील से लाई गई थी 1 हजार करोड़ की कोकीन, दिल्ली में विदेशी नागरिकों को होनी थी डिलीवरी

  • कच्छ से 118 किलो कोकीन की बड़ी खेप बरामद
  • कोकीन की कीमत करीब 1 हजार करोड़ रुपए बताई गई
  • ब्राजील से लाई गई थी ड्रग्स की खेप

 कच्छ। गुजरात के कच्छ में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 हजार करोड़ रुपए कीमत की 118 किलो कोकीन जब्त की है। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह खेप ब्राजील से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी द्वारका में रहने वाले विदेशी नागरिकों को की जानी थी।

गुजरात के डीजीपी डॉ. केएलएन राव ने बताया कि खुफिया सूचना मिलने के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात एटीएस ने मुंद्रा पोर्ट के पास संयुक्त ऑपरेशन चलाया। 25-26 मई की रात भारतीय समुद्री सीमा में एक कंटेनर जहाज को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में कोकीन बरामद हुई।

समुद्र में फेंके जा रहे थे संदिग्ध पैकेट

एटीएस के अनुसार जहाज मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर लंगर डाले खड़ा था। कोस्ट गार्ड की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। इसी दौरान अधिकारियों ने देखा कि जहाज से कुछ संदिग्ध बैग समुद्र में फेंके जा रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जहाज को चारों तरफ से घेर लिया।

छापेमारी के दौरान जहाज पर मौजूद दो लोगों में से एक आरोपी जुम्मा नासिर उमर को गिरफ्तार कर लिया गया। वह मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी समुद्र में छलांग लगाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

दिल्ली से भी दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में पता चला कि कोकीन की खेप ब्राजील से लोड की गई थी। इसके बाद एटीएस ने दिल्ली के द्वारका इलाके से क्लैविन चुकवुमा और ब्यारुहांगा जेम्स नामक दो विदेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक सैटेलाइट फोन भी बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button