प्रधानमंत्री पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन

पद मार्च निकालकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, जिला कोर कमेटी की बैठक भी हुई

अंबेडकर नगर। समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में विरोध की तख्तियां लेकर पद मार्च निकाला और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने टिप्पणी के खिलाफ नाराजगी जताई। पद मार्च भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन से शुरू हुआ। इसके बाद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

भाजपा कार्यालय में हुई कोर कमेटी की बैठक

प्रदर्शन के बाद भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में जिला कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। शासन द्वारा नामित पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर चर्चा की।

व्यक्तिगत टिप्पणी को बताया अनुचित

ज्ञापन सौंपने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों में बढ़ती राजनीतिक बेचैनी के कारण इस तरह की बयानबाजी सामने आ रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई।

बड़ी संख्या में शामिल रहे पदाधिकारी और कार्यकर्ता

प्रदर्शन और बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव, ज्ञान सागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, रमा शंकर सिंह, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, अनीता कमल, संजू देवी, विद्यावती राजभर, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, गौरव सिंह और मौसम वर्मा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button