लखनऊ विश्वविद्यालय के 15 छात्रों का TCS में चयन

बीटेक और एमसीए छात्रों को मिला प्लेसमेंट, 7.09 लाख रुपये तक का वार्षिक पैकेज

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय के 15 विद्यार्थियों का चयन देश की प्रमुख आईटी कंपनी TCS में हुआ है। चयनित छात्रों में बीटेक और एमसीए पाठ्यक्रम के विद्यार्थी शामिल हैं। छात्रों ने कंपनी की बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया में सफल प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।

प्लेसमेंट सेल के वाइस चेयरमैन डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने बताया कि चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार और एचआर इंटरव्यू शामिल थे। सभी चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को अंतिम रूप से चयनित किया गया।

वर्ष 2026 बैच के नौ छात्रों का चयन किया गया है। इनमें बीटेक (सीएसई) के आदित्य वर्धन सिंह और गर्व मित्तल को सिस्टम इंजीनियर पद के लिए 7.09 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी पैकेज का ऑफर मिला है। वहीं पल्लवी त्रिपाठी, ऋषव सिंह, शिवम यादव, ऋषभ गुप्ता, अमन कुमार यादव, उन्नति पंडित और रोहित मौर्य को असिस्टेंट सिस्टम इंजीनियर-ट्रेनी पद के लिए 3.46 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर चयनित किया गया है।

इसके अलावा वर्ष 2025 बैच के छह छात्रों का भी चयन हुआ है। बीटेक (ईसीई) के राज हंस और बीटेक (सीएसई-एआई) के दिव्यांशु द्विवेदी को सिस्टम इंजीनियर पद पर 7.09 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिला है। वहीं बीटेक (सीएसई) के आकाश तिवारी और तनिष्क सिंह के साथ एमसीए के ज्ञान सागर श्रीवास्तव और स्टार बावा का चयन असिस्टेंट सिस्टम इंजीनियर-ट्रेनी पद पर 3.46 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी पैकेज पर हुआ है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button