
ट्रेनियों को खाने के बाद उल्टी-दस्त और तेज बुखार की शिकायत
बलरामपुर अस्पताल में 20 और ठाकुरगंज टीबी अस्पताल में 5 ट्रेनी भर्ती
खाना खाने के एक घंटे बाद बिगड़ी तबीयत, प्राथमिक दवा से राहत नहीं मिली
लखनऊ। एमसी सक्सेना ट्रेनिंग सेंटर में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) ट्रेनिंग ले रहे लगभग 25 ट्रेनी की खाना खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में सभी को लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
बलरामपुर अस्पताल के SSB ब्लॉक के डेंगू वार्ड में 20 ट्रेनी का इलाज चल रहा है, जबकि ठाकुरगंज के टीबी अस्पताल में 5 ट्रेनी भर्ती हैं।
ट्रेनीयों ने बताया कि बुधवार रात में उन्होंने छोला-चावल, रोटी और आलू की सब्जी खाई। रात लगभग 10 बजे के बाद एक-एक करके सभी की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। उल्टी, दस्त और तेज बुखार के कारण सभी कराहने लगे। प्राथमिक दवा देने के बाद राहत न मिलने पर उन्हें अस्पताल लाया गया।
बलरामपुर अस्पताल के निदेशक ने बताया कि बुधवार देर रात करीब एक दर्जन ट्रेनी इमरजेंसी में भर्ती किए गए। गुरुवार सुबह भी कुछ ट्रेनियों की तबीयत बिगड़ी। वर्तमान में कुल 18 ट्रेनी का इलाज चल रहा है और सभी की हालत में सुधार है।
कासगंज के श्यामवीर ने बताया कि खाना खाने के लगभग एक घंटे बाद ही तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। कुछ को हाई ग्रेड फीवर, जबकि कुछ को वॉमिटिंग और लूज मोशन हुआ।
ट्रेनी शिवम ने बताया कि खाने में मैदा मिलाकर परोसा गया। मेडिकल किट से दवा लेने के बाद भी आराम नहीं मिला, जिसके बाद सभी को बलरामपुर अस्पताल लाया गया।
बलरामपुर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देबाशीष शुक्ला ने बताया कि बीमार ट्रेनियों में फूड प्वॉइजनिंग के लक्षण दिख रहे हैं। डिहाइड्रेशन, फीवर, बीपी और शुगर-साल्ट की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।








