अम्बेडकरनगर की 400 छात्राएं लखनऊ एक्सपोज़र विजिट पर रवाना

अम्बेडकरनगर। जनपद अम्बेडकरनगर के चार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को शैक्षणिक एक्सपोज़र विजिट के लिए लखनऊ भेजा गया। सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने केजीबीवी कटेहरी, रामनगर, भियांव और जहांगीरगंज की छात्राओं की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम के तहत कुल 400 छात्राओं को दो- दो बसों में विभाजित कर प्रथम चरण में लखनऊ भेजा गया।

छात्राओं के साथ शिक्षिकाएं, वार्डन और पीआरडी कर्मी भी लखनऊ गए हैं। वहां छात्राओं को तारामंडल, जनेश्वर मिश्र पार्क, चिड़ियाघर और अन्य शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गए निर्देश एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में यह विजिट आयोजित की जा रही है।

एक्सपोज़र विजिट का उद्देश्य

शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को ज्ञानवर्धक स्थलों, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के बारे में प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। छात्राएं न केवल पर्यावरण, विज्ञान और जीव-जंतु से संबंधित जानकारियों से अवगत होंगी, बल्कि शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को भी समझ पाएंगी।

इसके साथ ही छात्राओं की सामान्य जीवन कौशल और सामाजिक व्यवहार में सुधार लाने के लिए विजिट को विशेष महत्व दिया गया है। प्रत्येक छात्रा के लिए भोजन और जलपान की पूर्ण व्यवस्था की गई है।

दो चरणों में आयोजित हो रहा कार्यक्रम

विजिट का प्रथम चरण सोमवार को आयोजित किया गया। प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालय से दो- दो बसों में कुल 400 छात्राओं को लखनऊ भेजा गया। द्वितीय चरण 17 फरवरी 2026 को आयोजित होगा, जिसमें अन्य चार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राएं शामिल होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button