Post Views: 287
हादसे में दंपती, बेटा-बहू और 6 माह की बच्ची की मौत
लखनऊ से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
ओवरटेक की कोशिश में हुआ भीषण सड़क हादसा
लखनऊ/जयपुर। राजस्थान में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने लखनऊ से घूमने आए एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जयपुर के जमवारामगढ़ इलाके में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार और ट्रेलर की टक्कर में परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।
रविवार सुबह करीब 8 बजे मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर जयपुर के रायसर थाना क्षेत्र में यह भीषण सड़क दुर्घटना हुई। लखनऊ के बालागंज इलाके से आए सत्य प्रकाश (60), उनकी पत्नी रामा देवी (55), बेटा अभिषेक (35), बहू प्रियांशी (30) और छह माह की पोती कार से खाटूश्यामजी जा रहे थे। कार (UP 32 ES 8766) जैसे ही नेकावाला टोल के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर सड़क से नीचे पलट गया और कार के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला गया, जिसमें काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी शवों को चंदवाजी स्थित निम्स हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भेजा गया है। SHO रघुवीर सिंह के अनुसार, हादसे का कारण ओवरटेक की कोशिश माना जा रहा है। यह दुर्घटना न केवल एक परिवार को उजाड़ गई, बल्कि सड़क सुरक्षा की गंभीरता को फिर से उजागर कर गई।