मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खालापार कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने बीच सड़क पर एक युवती से छेड़छाड़ की। युवती ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और सड़क पर ही जमकर पिटाई की। बाद में युवती ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कथित रूप से उसका वही हाथ तोड़ दिया, जिससे उसने छेड़छाड़ की थी।
भीड़ का फायदा उठाकर की हरकत
घटना सिटी सेंटर के बाहर की है, जहां कुछ लड़कियां ठेले से सामान खरीद रही थीं। तभी रियाज नाम का 65 वर्षीय व्यक्ति, जो कि कुर्ता-पायजामा में और लंबी दाढ़ी में नजर आ रहा है, लड़कियों के पास से गुजरते हुए एक युवती से बैड टच करता है। युवती को जैसे ही इसका एहसास हुआ, उसने रियाज को दौड़ाकर पकड़ लिया और बीच सड़क पर ही थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
50 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले
पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इलाके में लगे करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक वीडियो में आरोपी की स्पष्ट पहचान हो गई, जिसमें वह युवती से छेड़छाड़ करता साफ नजर आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने रियाज को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी करता रहा था ऐसी हरकतें
पुलिस पूछताछ में रियाज ने कबूल किया कि वह पहले भी कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है, लेकिन कभी किसी ने पुलिस में शिकायत नहीं की। इसी वजह से उसके हौसले बुलंद होते गए और वह लगातार महिलाओं से छेड़छाड़ करता रहा।
गिरफ्तारी के बाद हाथ तोड़ने का दावा
पुलिस द्वारा जारी किए गए दूसरे वीडियो में आरोपी रियाज का हाथ प्लास्टर में नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने पूछताछ के दौरान उसका वही हाथ तोड़ा, जिससे उसने युवती को गलत तरीके से छुआ था। हालांकि, इस पर अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में रोष व्याप्त है। लोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी कर रहे हैं।








