- ननिहाल आए मासूम की करंट से मौत
- आटा चक्की के पास खेलते समय हुआ हादसा
- परिजनों ने चक्की मालिक पर करंट फैलाने का लगाया आरोप
मालीपुर (अंबेडकरनगर)। मालीपुर थाना क्षेत्र के उमरबान गांव में बुधवार को करंट लगने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर मुहल्ला निवासी इरशाद के रूप में हुई है, जो अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, परिजनों ने गांव में स्थित एक आटा चक्की के मालिक पर जानबूझकर करंट फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
खेलते समय आया करंट की चपेट में
बुधवार की दोपहर इरशाद अपनी मां आसमा खातून के साथ ननिहाल उमरबान गांव आया था। परिवारिक रिश्तेदारों से मिलने और छुट्टियां बिताने के उद्देश्य से आए इरशाद की खुशियां महज कुछ घंटों में मातम में बदल गईं। गांव में स्थित विक्रम सिंह की आटा चक्की के पास खेलते समय इरशाद अचानक करंट की चपेट में आ गया। परिजनों के अनुसार, चक्की मालिक ने घर और चक्की के बीच की गली में एक बिजली का तार खुला छोड़ रखा था।
परिजन बोले – पहले से फैला रखा था करंट
परिजनों का आरोप है कि चक्की मालिक विक्रम सिंह ने जानबूझकर रास्ते में करंट फैला रखा था। स्थानीय लोगों की मानें तो पहले भी इस तार से करंट दौड़ने की शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। बुधवार को इसी तार ने इरशाद की जान ले ली। परिजन उसे गंभीर हालत में नगपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।








