
- भारत को मिली 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान AMCA के उत्पादन की मंजूरी
- निजी कंपनियों को भी बोली लगाने का मौका मिलेगा
- डिफेंस सेक्टर के शेयरों में 6% तक तेजी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मंगलवार को भारत के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बेट एयरक्राफ्ट (AMCA) के प्रोडक्शन मॉडल को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इसके निर्माण के लिए सरकारी और निजी कंपनियों दोनों को बोली लगाने का मौका मिलेगा। एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) जल्द ही एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EoI) जारी करेगी।
AMCA प्रोजेक्ट को अप्रैल 2024 में 15,000 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली थी। यह विमान हाईटेक स्टील्थ तकनीक से लैस होगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल हो रहे 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के समान या उससे बेहतर होगा।
डिफेंस सेक्टर के शेयरों में इस खबर के बाद लगभग 6% की बढ़ोतरी हुई है। निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स ने 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर 8,674.05 को छुआ।
इसके अलावा, भारतीय वायुसेना ने जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा एयरबेस पर हल्का लड़ाकू विमान तेजस MK-1 तैनात किया है। तेजस विमान के 50% कलपुर्जे भारत में बनाए जाते हैं और इसमें इजराइल का EL/M-2052 रडार लगा है, जो एक साथ 10 लक्ष्यों को ट्रैक कर सकता है। यह विमान 460 मीटर के रनवे से टेकऑफ करने में सक्षम है और सुखोई, राफेल जैसे विमानों से हल्का है।









