
- थाना प्रभारियों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
- जनसुनवाई को बताया शासन की प्राथमिकता, पारदर्शिता पर दिया जोर
- फरियादियों ने एसपी के संवेदनशील रवैये की सराहना की
अंबेंडकरनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं विभागीय अधिकारियों को त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे थे। इनमें भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, मारपीट, धोखाधड़ी, पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें तथा आपराधिक मामलों में त्वरित विवेचना से संबंधित प्रार्थनापत्र शामिल रहे। एसपी ने फरियादियों से स्वयं संवाद करते हुए उनकी बातों को विस्तार से सुना और यथोचित समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और शिकायतकर्ता को समयबद्ध एवं न्यायोचित समाधान उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
एसपी ने यह भी कहा कि जनसुनवाई केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह प्रशासन और आमजन के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित थाना प्रभारी, विवेचक तथा शाखा प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और यदि किसी स्तर पर शिथिलता पाई जाती है, तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









