
- बाईपास पर चलती कार में लगी आग
- शिक्षकों ने कूदकर बचाई जान
- शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
आगरा। शमशाबाद क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। कार कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई और करीब एक घंटे तक जलती रही।
घटना सुबह करीब 9:45 बजे की है। खंदारी निवासी संजय सिंह, सिकंदरा निवासी दिनेश शर्मा, श्वेता सिंह और जयपुरिया निवासी चंचल जैन उच्च प्राथमिक विद्यालय गंगोरा, फतेहाबाद में शिक्षक हैं। सोमवार को सभी एक ही कार में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। कार को दिनेश शर्मा चला रहे थे।
इंजन से निकला धुआं, फिर आग की लपटें
जैसे ही कार थाना शमशाबाद क्षेत्र के बाईपास गढ़ी थाना के पास पहुंची, अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक दिनेश शर्मा ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका। तभी कार से आग की लपटें निकलने लगीं। सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं फुर्ती से बाहर कूद गए और सुरक्षित दूरी पर चले गए।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आधे घंटे बाद आग पर काबू
देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करीब 30 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने दी जानकारी
इंस्पेक्टर शमशाबाद हंसराज भदौरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। सभी लोग सुरक्षित हैं और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।








