
लखनऊ। राजधानी में बारिश के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। रविवार रात हुई बारिश के बाद से कई इलाकों में बिजली गुल है। फैजुल्लागंज, इंदिरा नगर और कृष्ण लोक कॉलोनी के लोग घंटों की कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान हैं। हालात इतने खराब हैं कि करंट की चपेट में आकर एक पालतू गाय की मौत हो गई है।
फैजुल्लागंज में बिजली गुल, पोल में उतरा करंट
फैजुल्लागंज के मिश्री बाग (गऊघाट पावर हाउस क्षेत्र) में लोहे के बिजली पोल में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आकर एक पालतू गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना संत फ्रांसिस स्कूल के पास की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
इंदिरा नगर में एक घंटे में 8 बार गई बिजली
इंदिरा नगर के लोग भी बिजली की आंख-मिचौली से बेहाल हैं। सोमवार को एक घंटे में 8 बार बिजली कटने से लोग परेशान हो गए। गर्मी के चलते पंखे-कूलर ठप पड़ गए और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह 6 बजे से बिजली गुल, नहीं सुन रहा विभाग
संतकबीर नगर और कृष्ण लोक कॉलोनी (फैजुल्लागंज क्षेत्र) में सुबह 6 बजे से बिजली नहीं है। लोगों ने बताया कि कई बार फोन और ऑनलाइन शिकायतें करने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
पोल में करंट से दहशत, बच्चे-बुजुर्ग डरे
कृष्ण लोक कॉलोनी में लोहे के बिजली पोल में करंट आने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। बच्चे और बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायतों के बाद भी ना तो करंट की समस्या का समाधान हुआ, ना ही बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
प्रभावित इलाकों के लोगों ने ऊर्जा विभाग से तत्काल कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि जान-माल का नुकसान रोका जा सके और भीषण गर्मी में थोड़ी राहत मिल सके।








