CM ग्रिड योजना से बदलेगी आगरा की 5 सड़कों की सूरत

  • 165 करोड़ में बदलेगी 5 सड़कों की सूरत
  • डक्ट सिस्टम से नहीं करनी पड़ेगी खुदाई
  • फूल, बेंच, डस्टबिन से बनेगा स्मार्ट लुक

आगरा। उत्तर प्रदेश की CM ग्रिड योजना के तहत आगरा नगर निगम ने शहर की पांच प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। इस प्रोजेक्ट पर कुल 165 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिए हैं। इन सड़कों को न सिर्फ चौड़ा किया जाएगा बल्कि हर प्रकार की यूटिलिटी डक्ट डालकर भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा।

तालमेल की कमी से होती थी सड़कों की बर्बादी
अभी तक शहर की सड़कों में विभागीय तालमेल की कमी के चलते निर्माण के कुछ ही समय बाद खुदाई और मरम्मत का सिलसिला शुरू हो जाता था। इससे सड़कों की हालत जल्द ही खराब हो जाती थी। मगर अब डक्ट सिस्टम के जरिए बिजली, गैस, पानी और टेलीफोन की लाइनें पहले ही बिछाई जाएंगी, जिससे बार-बार की खुदाई से राहत मिलेगी।

ये 5 सड़कें बनेंगी मॉडल रोड
नगर निगम के मुख्य अभियंता बीएल गुप्ता ने जानकारी दी कि इन पांच प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड में बदला जाएगा:

  1. हरीपर्वत चौराहा से राजा मंडी स्टेशन तक – 1.25 किमी

  2. टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार (NH-19) तक – 2.88 किमी

  3. बसई मंडी से इंद्रापुरम चौराहा तक – 2.00 किमी

  4. इंद्रापुरम चौराहा से होटल अमर तक – 2.20 किमी

  5. सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार होते हुए मारुति एस्टेट तक – 3.40 किमी

फुटपाथ, गमले, बेंच और डस्टबिन से बनेगा आकर्षक लुक
इन सड़कों को डबल चैनल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। दोनों ओर फुटपाथ, गमलों में फूलों के पौधे, बैठने के लिए बेंच और सर्विस रोड पर डस्टबिन लगाए जाएंगे। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर स्थान साफ किया जाएगा।

Back to top button